बीएनआई बिजनेस कॉन्क्लेव: नई औद्योगिक नीतियां व्यापार और उद्योग को देंगी नई गति

Mon, 20 Jul 2026 11:52 AM (IST)
Mon, 20 Jul 2026 12:01 PM (IST)
 0
बीएनआई बिजनेस कॉन्क्लेव: नई औद्योगिक नीतियां व्यापार और उद्योग को देंगी नई गति
बीएनआई बिजनेस कॉन्क्लेव: नई औद्योगिक नीतियां व्यापार और उद्योग को देंगी नई गति

बीएनआई के 10वें बिजनेस कॉन्क्लेव में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री, 55 से अधिक शहरों और दो देशों के प्रतिनिधि पहुंचे

सूरत (गुजरात) : औद्योगिक नगरी सूरत में बीएनआई (बीएनआई) सूरत चैप्टर की ओर से आयोजित दो दिवसीय 10वें बिजनेस कॉन्क्लेव का शनिवार को सरसाणा डोम में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उद्यमियों को संबोधित करते हुए राज्य की नई औद्योगिक नीतियों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि गुजरात में सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, जीसीसी (ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर) और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में तेजी से निवेश रहा है। पिछले छह महीनों में राज्य में सेमीकंडक्टर ओसैट की चार इकाइयों का लोकार्पण हो चुका है, जिससे उद्योगों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को सरकार की नई नीतियों का अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे इनका लाभ उठाकर अपने कारोबार का विस्तार कर सकें।

उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल नीति सहित विभिन्न औद्योगिक नीतियों में महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं, जिनका लाभ उद्योग जगत को मिलेगा। बीएनआई जैसे मंच सहयोग, नेटवर्किंग और सामूहिक विकास की भावना को मजबूत करते हैं। सूरत की प्रगति यहां के उद्यमियों के हाथ में है और सभी को मिलकर शहर राज्य के विकास में योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर बीएनआई सूरत के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर गौरव सिंधवी ने बताया कि वर्ष 2016 में सूरत में बीएनआई की शुरुआत हुई थी और आज संस्था व्यापारिक नेटवर्किंग का मजबूत मंच बन चुकी है। संरचित नेटवर्किंग के माध्यम से हजारों उद्यमियों ने अपने कारोबार का विस्तार किया है। दसवें वर्ष में प्रवेश कर चुका यह कॉन्क्लेव पहले की तुलना में कहीं अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित किया गया है।

उन्होंने बताया कि दो दिवसीय कॉन्क्लेव में देश के 55 से अधिक शहरों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। बीएनआई सूरत के 2,000 से अधिक सदस्य, शहर के 3,000 से 4,000 उद्योगपति तथा बड़ी संख्या में व्यवसायी और आगंतुक इसमें शामिल हो रहे हैं। बीएनआई 86 देशों में सक्रिय है, इसलिए इस बार दो देशों के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से कार्यक्रम में पहुंचे हैं। कॉन्क्लेव में रिटेल, बी-टू-बी, बी-टू-सी, बड़े उद्योगों और बिल्डर्स सहित विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमी भाग ले रहे हैं। आयोजन स्थल पर 100 से अधिक बिजनेस स्टॉल भी लगाए गए हैं।

गौरव सिंधवी ने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा के दौर में बीएनआई सहयोग और भाईचारे की भावना के साथ व्यापार को आगे बढ़ाने का मंच उपलब्ध करा रहा है। दो दिवसीय कॉन्क्लेव में व्यापार, नेतृत्व और व्यक्तिगत विकास से जुड़े प्रतिष्ठित वक्ता भी अपने अनुभव साझा करेंगे।

JR Choudhary JR Choudhary serves as the Editor of Marudhar Bharti, where he leads the editorial team with a focus on accuracy, transparency, and public interest journalism. With over 8 years of hands-on experience in the media industry, he has developed a deep expertise in news analysis, regional reporting, and editorial management. His core mission is to uphold the highest standards of journalistic ethics while delivering stories that matter to the public.